राजस्व प्रकरणों के निराकरण में तत्परता बरतें – कलेक्टरमऊगंज अनुभाग के पटवारियों की बैठक संपन्न

रीवा इलैयाराजा टी आज मऊगंज अनुभाग के पटवारियों की बैठक लेकर राजस्व प्रकरणों की समीक्षा की। शहीद केदारनाथ महाविद्यालय मऊगंज के सभागार में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए कलेक्टर ने कहा कि सभी पटवारी राजस्व प्रकरणों का तत्परता पूर्वक निराकरण करें। वह अपने पटवारी हल्के के गांवों का नियमित भ्रमण करें तथा सीमांकन, बटवारा, नामांतरण आदि प्रकरणों का अभियान चलाकर निराकरण करें। कलेक्टर ने कहा कि गांवों में राजस्व प्रकरणों के निराकरण के अभाव में विवाद की स्थिति निर्मित हो जाती है अत: सभी पटवारी राजस्व रिकार्ड अद्यतन रखें ताकि कोई भी ऐसी विवाद की स्थिति निर्मित न हो। उन्होंने कहा कि लोक सेवा गारंटी अधिनियम में समय-सीमा प्रकरणों में यदि लापरवाही की गई तो संबंधित के विरूद्ध कार्यवाही की जायेगी तथा उससे पेनाल्टी की वसूली भी होगी। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि यदि पटवारी की मुख्यालय में न रहने व नियमित भ्रमण न करने की शिकायत आयी तो संबंधितों के विरूद्ध कड़ी से कड़ी कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने कहा कि तहसीलदार व नायब तहसीलदार इस बात की निगरानी भी रखें। कलेक्टर ने कहा कि बैठक में जो लक्ष्य दिये गये हैं वह निर्धारित समय में पूरे किये जायें अन्यथा आगामी समीक्षा बैठक में संबंधितों के विरूद्ध कठोर कार्यवाही की जायेगी। समीक्षा बैठक में डायवर्सन जमीन की इंट्री न होने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जमीन के कामर्शियल हो जाने पर इंट्री न होने से शासन को राजस्व की हानि होती है अत: पटवारी डायवर्टेड जमीन की इंट्री अनिवार्यत: करें। उन्होंने कहा कि कहीं से भी अविवादित नामांतरण के प्रकरण लंबित न रहें तथा नक्शा तरमीम करायें। उन्होने अनुभाग में काफी बड़ी संख्या में नक्शा तरमीम न होने पर नाराजगी भी व्यक्त की। कलेक्टर ने कहा कि शासन की योजनाओं का समाज के अंतिम छोर के व्यक्ति को लाभ मिले तथा वह राजस्व संबंधी शिकायतें लेकर अनावश्यक परेशान न हो इस बात का विशेष ध्यान दिया जाये। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के पात्र किसानों को अधिक से अधिक लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्यवाही करते हुए रिकार्ड पूरे कराने के निर्देश भी बैठक में दिये। कलेक्टर ने अनुविभागीय अधिकारी मऊगंज को निर्देशित किया कि वह लोक सेवा गारंटी के प्रकरणों की नियमित मॉनीटरिंग करें तथा समय-सीमा के बाहर प्रकरणों में कार्यवाही भी सुनिश्चित करायें। बैठक में शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही करने के लिए भी निर्देशित किया गया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर इला तिवारी, संयुक्त कलेक्टर एके झा, एसडीएम मऊगंज माला त्रिपाठी सहित अनुभाग के पटवारी व राजस्व निरीक्षक उपस्थित रहे।


Subscribe to my channel
Comments are closed.