शहडोल जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान प्रारंभ
विकास सचदेवा की ब्यूरो रिपोर्ट
जल गंगा संवर्धन अभियान में लोगों ने बढ़ चढ़कर निभाई सहभागिता
30 जून तक चलेगा अभियान
– जल संरक्षण और वर्षा जल की बूंद-बूंद बचाने का जल गंगा संवर्धन अभियान आज शहडोल जिले में प्रारंभ हुआ। इस कड़ी में शहडोल जिले के समस्त जनपद पंचायत के ग्राम पंचायतो में जल गंगा संवर्धन अभियान में लोगों ने उत्साह एवं उमंग के साथ जल का महत्व समझते हुए श्रमदान कर अपनी सहभागिता निभाई और जल के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए संदेश दिया।
आज शहडोल जिले के जैतपुर विधायक श्री जय सिंह मरावी द्वारा ग्राम पंचायत सकरा जनपद पंचायत बुढार में देवराज तालाब जीर्णोद्वार में श्रमदान कर जल गंगा संवर्धन अभियान की शुरुआत की गई तथा लोगों को जल का महत्व बताया।
इसी प्रकार ग्राम भर्री, छतैनी, ग्राम पंचायत बिजुरी, सहित अन्य ग्राम पंचायतो में जल गंगा संवर्धन अभियान में लोगों ने उत्साह पूर्वक सहभागिता निभाई।
यह अभियान 30 जून 2025 तक चलेगा। यह प्रदेशव्यापी अभियान ग्रीष्म ऋतु में 30 जून 2025 तक 90 दिन से अधिक समय तक लगातार चलेगा। जल गंगा संवर्धन अभियान का प्रमुख उद्देश्य जन भागीदारी से जल संरक्षण और संवर्धन सुनिश्चित करना है। इस अभियान के अंतर्गत समाज की भागीदारी और विभिन्न सहभागी विभागों की समेकित पहल से मुख्यतः नवीन जल संग्रहण संरचनाओं के निर्माण, भूजल, संवर्धन, पूर्व से मौजूद जल संग्रहण संरचनाओं की साफ-सफाई व जीर्णोद्धार, मरम्मत, जल स्त्रोतों में प्रदूषण के स्तर को कम करने, जल वितरण की संरचनाओं की साफ सफाई तथा मानसून में किए जाने वाले पौधारोपण के लिए आवश्यक तैयारियों के कार्य प्राथमिकता पर किए जाएंगे।

Subscribe to my channel
Comments are closed.