भारत में सबसे तेजी से उभरता हुआ वेब न्यूज़ चैनल

कर्तव्य निष्ठा और ईमानदारी से मिलता है सदैव सम्मान- उप संचालक जनसंपर्क
सेवानिवृत्त श्री अमोल सिंह को दी गई भावभीनी विदाई

271
Above News

शहडोल 30 जून 2022- उप संचालक जनसंपर्क शहडोल संभाग श्री जी.एस. मर्सकोले ने कहा कि कर्तव्य निष्ठा और ईमानदारी से शासकीय सेवाओं का निर्वहन सदैव सम्मान दिलाती है। शासकीय सेवक को कर्तव्यनिष्ठ होकर शासकीय दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए और विपरीत परिस्थितियों में भी बेहतर से बेहतर परिणाम देने का कर्मचारी के मन में जज्बा होना चाहिए। उन्होंने जनसंपर्क कार्यालय के श्री अमोल सिंह के उज्ज्वल भविष्य और बेहतर स्वास्थ्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनसंपर्क कर्मी अमोल सिंह सदैव निष्ठा पूर्वक ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए याद रखे जाएंगे। उक्त उद्बोधन उप संचालक जनसंपर्क श्री जी.एस. मर्सकोले ने आज जिला जनसंपर्क कार्यालय शहडोल में जनसंपर्क कर्मी श्री अमोल सिंह के अधिवार्षिकी विदाई समारोह में दिए। उप संचालक जनसंपर्क ने कहा कि श्री सिंह लगभग 11 वर्षों से साथ में कार्य कर रहे हैं। वो बहुत ही मेहनती एवं काम के प्रति संवेदनशील हैं। सालों की कड़ी मेहनत और संघर्ष के बाद आज बिछुड़ने का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि आत्मविश्वास, साहस, धैर्य और कठिन परिश्रम करके जीवन में हमेशा आगे बढ़ते जाना ही जीवन है।

समारोह को संबोधित करते हुए मीडिया अधिकारी डॉ० राजेश श्रीवास्तव ने कहा कि श्री अमोल सिंह आज हमारे कार्यालय से अपनी अधिवार्षिकी आयु पूर्ण करके जा रहे हैं। श्री सिंह बेहद ईमानदार, कर्मठ, कर्तव्य परायणता एवं कार्य के प्रति वचनबद्ध कर्मचारी हैं। जिन्होंने अपने कर्तव्यों का निर्वाहन पूर्णनिष्ठा एवं ईमानदारी के साथ किया है। उन्होंने कहा कि हम लगभग पिछले 20 वर्षों से साथ में कार्य कर रहे हैं। श्री अमोल सिंह का जिला जनसंपर्क कार्यालय में किए गए कार्यों को सदैव याद किया जाएगा। उनका शांत एवं मिलनसार व्यवहार हमेशा याद आएगा। उन्होंने श्री सिंह के बेहतर भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी।

विदाई समारोह को संबोधित करते हुए जनसंपर्क कार्यालय के श्री गणेश प्रसाद मिश्रा ने कहा कि श्री अमोल सिंह एक बेहद भावुक, मिलनसार कर्तव्यनिष्ठ एवं कार्य के प्रति जुनूनी व्यक्ति हैं। श्री सिंह मेरे साथ लगभग 32 वर्षों की सेवाएं जनसंपर्क कार्यालय को दे चुके हैं। ये अपनी दक्षता, कार्यकुशलता व अनुशासन के लिए सदैव याद किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि श्री सिंह विभाग के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सामंजस्य व समन्वय स्थापित कर सौंपे गए दायित्वों के निर्वहन में सराहनीय भूमिका निभाई है।विदाई समारोह को संबोधित करते हुए जनसंपर्क कार्यालय के श्री शिव शंकर शर्मा ने कहा कि शासकीय सेवाकाल के क्षण शासकीय सेवकों के लिए बहुत महत्वपूर्ण एवं स्मरणीय होते हैं। श्री सिंह का व्यक्तित्व विभाग एवं विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए हमेशा सरल एवं सहज रहा है। वे जनसंपर्क कार्यालय के महत्वपूर्ण अंगों में से एक थे जो आज बिछुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सन् 1984 में श्री अमोल सिंह विशेष क्षेत्र प्रचार इकाई से सेवा प्रारंभ कर आज सेवानिवृत्त हो रहे हैं, मेरा और अमोल सिंह का पहले दिन से ही घनिष्ठ मित्रता एवं लगाओ रहा है। मैं श्री सिंह के उज्जवल भविष्य की कामना करता हूं वह हमेशा स्वस्थ रहें। इस दौरान उन्होंने शासकीय सेवा के महत्वपूर्ण पलों को याद किया। इस दौरान जनसंपर्क के श्री प्रेम लाल पनिका, श्री मानस मिश्रा, श्री ओम जायसवाल, श्री रामपाल पनिका एवं श्री राजेश बैगा ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

विदाई समारोह में उप संचालक जनसंपर्क श्री जी.एस. मर्सकोले, डिप्टी मीडिया अधिकारी डॉ० राजेश कुमार श्रीवास्तव सहित जनसंपर्क कर्मियों द्वारा श्री सिंह को स्मृति चिन्ह तथा शाल-श्रीफल उपहार स्वरूप भेंट किया गया। कार्यक्रम में पत्रकार श्री जुबेर खान श्री वीरेंद्र प्रताप सिंह एवं श्री विश्वास हलवाई, श्री लालमन सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

खबरों के अपडेट पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More

Privacy & Cookies Policy
E-Paper