अति वर्षा और बाढ़ से निपटने के लिए पहले से रखें समस्त तैयारी – संभागायुक्त डॉ शर्मा

सभी जिलों को समयबद्ध कार्य योजना बनाकर कार्य करने के निर्देश
विवेक मालवीय जिला ब्यूरो चीफ राजगढ़
राजगढ़। भोपाल एवं नर्मदापुरम संभाग आयुक्त डॉ. पवन कुमार शर्मा ने संभाग के सभी जिलों में बाढ़ और अतिवर्षा की स्थिति से निपटने के लिए कार्ययोजना एवं तैयारी की समीक्षा की। उन्होंने सभी जिलों में बाढ़ नियंत्रण कक्ष सक्रिय हो जाएं और प्रत्येक कार्य के लिए अलग-अलग नोडल अधिकारी नियुक्त करते हुए त्वरित एक्शन के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने निर्देशित किया। संभाग आयुक्त वीसी रूम में हुई बैठक में आईजी श्री अभय सिंह, सभी जिला कलेक्टर और एसपी, होमगार्ड कमाडेंट, जल संसाधन विभाग के अधीक्षण यंत्री सहित कई विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
संभागायुक्त ने सभी कलेक्टरों को नदी-नालों और जल भराव वाले सभी क्षेत्रों सहित पुल-पुलियों और बसाहट में हुए अतिक्रमण की पहचान कर उसे हटाने तथा नालों आदि की सफाई करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने बाढ़ राहत और बचाव के लिए आवश्यकतानुसार अलग-अलग दल बनाकर हर जिले में व्हाटसएप ग्रुप भी बनाने के लिए कहा है। कमिश्नर ने बाढ़ की आशंका वाले क्षेत्रों में स्वास्थ्य अमले, खाद्यान्न आदि की व्यवस्था के साथ अस्थायी आश्रय स्थलों का अभी से चयन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रत्येक टीम के आपसी समन्वय और प्रशिक्षण के निर्देश भी दिए। उन्होंने पुलिस, राजस्व, नगर निगम और नगर पालिका,जल संसाधन, लोक निर्माण, आपदा प्रबंधन आदि विभागों को तत्काल प्लान बनाकर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
संभागायुक्त ने कलेक्टर्स से कहा है कि वे अपने-अपने जिलों के सभी जलाशयों की स्थिति का आकलन कर लें और अतिवर्षा की स्थिति में जलाशयों से पानी छोड़ने की विस्तृत और समयबद्ध रणनीति बनाएं। उन्होंने कहा कि अचानक पानी छोड़ने की स्थिति नहीं आना चाहिए और डेम की लगातार मॉनीटरिंग कर ऐसी प्लानिंग होना चाहिए कि बाढ़ की स्थिति ही पैदा नहीं हो। उन्होंने हर डेम के लिए अलग-अलग नोडल अधिकारी बनाने के भी निर्देश दिए।
जल संसाधन विभाग से कहा गया है कि बांधों, जलाशय से पानी छोड़ने के पूर्व उसकी सूचना संबंधित जिले के कलेक्टर, एसपी, एसडीएम, रेल्वे अधिकारी को दी जाए। वर्षाकाल प्रारंभ होने के पूर्व कार्यपालन यंत्री, जलद्वारों की मरम्मत, ग्रीसिंग कार्य, विद्युत व्यवस्था, अतिवर्षा की स्थिति में बांधों पर पर्याप्त स्टाफ, जल स्तर की जानकारी डाटा सेंटर को उपलब्ध कराने के साथ ही बांध पर वर्षा माप के आंकड़े प्रति घंटा / प्रतिदिन एकत्रित करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने जिले की तैयारियों के संबंध में दी जानकारी
कलेक्टर हर्ष दीक्षित ने राजगढ़ जिले के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि यह बाढ़ नियंत्रण कक्ष सक्रिय कर दिया गया है। साथ ही संभावित जलभराव वाले स्थानों को चिन्हित कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि जिले में नालों की सफाई का कार्य पूर्व से ही चल रहा है। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत महीप किशोर तेजस्वी,अपर कलेक्टर शिवप्रसाद मण्डराह सहित संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Subscribe to my channel
Comments are closed.