500 से अधिक लोगों ने हस्ताक्षर कर रतिरामपुरा टोल पर अवैध वसूली, गुंडागर्दी रोकने व कार्यरत कंपनी के टेंडर निष्कान की मांग को लेकर एसडीएम एवं सांसद को सौंपा ज्ञापन

20 किमी के दायरे में रहने वाले गैर-व्यावसायिक वाहनों को निशुल्क करने की मांग
05 दिवस में ठोस कार्रवाई नहीं हुईं तो आमजनमानस धरना-प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगा
अंबाह। अंबाह-मुरैना मार्ग स्थित नेशनल हाईवे 552 के रतिरामपुरा टोल प्लाजा पर अवैध वसूली, निर्धारित दर से अधिक शुल्क, छूट प्राप्त वाहनों से जबरन टोल वसूली और कर्मचारियों की गुंडागर्दी को लेकर गुरुवार को स्थानीय 500 से अधिक नागरिकों ने हस्ताक्षर कर एसडीएम रामनिवास सिंह सिकरवार एवं सांसद शिवमंगल सिंह तोमर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में टोल संचालन कर रही टी-सूर्यनारायण कंपनी पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। नागरिकों ने बताया कि टोल प्लाजा पर सभी बूथों का संचालन नहीं होता, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लगती हैं। धर्मकांटा नहीं होने से वाहनों का सही वजन नहीं होता और मनमाने तरीके से शुल्क लिया जाता है। स्टाफ बिना ड्रेस कोड व पहचान पत्र के काम करता है, जिससे असामाजिक तत्व भी परिसर में सक्रिय रहते हैं। कई बार टोल पर हथियार लहराने, हवाई फायर, मारपीट व महिलाओं से अभद्रता जैसी घटनाएं हो चुकी हैं। ज्ञापन में मांग की गई है कि टोल से 20 किमी के दायरे में रहने वाले गैर-व्यावसायिक वाहनों को निशुल्क किया जाए, वर्तमान कंपनी को तत्काल संचालन से हटाया जाए, दोषी कर्मचारियों पर पुलिस वेरीफिकेशन के साथ दंडात्मक कार्यवाही हो, और सभी सुविधाएं जैसे सीसीटीवी, शौचालय, एम्बुलेंस, यात्री सुविधा केंद्र, धर्मकांटा व फ़ास्ट ट्रैक स्कैनर चालू किए जाएं। स्थानीय नागरिकों को पहचान पत्र के आधार पर टॉल मुक्त करने का आदेश दें। वर्तमान कंपनी को निष्कासित कर नई पारदर्शी व्यवस्था लागू करें। वर्तमान कंपनी के संचालन को तत्काल से रोककर दोषी कर्मचारियों एवं प्रबंधन पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएं। साथ ही टेंडर की शर्तों के अनुसार आवश्यक कर्मचारियों की वास्तविक नियुक्ति सुनिश्चित कर सूची को परिसर में सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित किया जाएं। साथ ही टॉल का संचालन कर रही थर्ड पार्टी कंपनी कार्य कर रही हैं इसकी जांच हो। नागरिकों ने चेतावनी दी कि यदि पांच दिनों में ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। ज्ञापन देते समय स्थानीय विधायक, नगर पालिका परिषद के पार्षदगण, ग्राम पंचायतों के सरपंचगण, जनपद सदस्य, समाजसेवी संस्थाएं, विद्यार्थी परिषद्, विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, एनएसयूआई, करनी सेना, सामाजिक संस्थाएं, मैत्री वेलफेयर फाउंडेशन, भूतपूर्व सैनिक संगठन सहित नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र के हजारों लोग मौजूद रहें।
टॉल कर्मियों की शिकायतें समय-समय पर आती रहती हैं। मामले पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और एनएचएआई के अधिकारियों से बात कर समस्या के समाधान का प्रयास किया जाएगा। साथ ही जांच दल का गठन करेंगे। दोषी पाएं जाने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
रामनिवास सिंह सिकरवार, एसडीएम अंबाह
स्थानीय लोगों का ज्ञापन प्राप्त हुआ हैं हमें। इस विषय पर हम स्थानीय प्रशासन से बात करेंगे। साथ ही एनएचआई अधिकारियों से भी बात करेंगे। स्थानीय लोगों को टॉल से राहत दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किए जायेंगे।
शिवमंगल सिंह तोमर, सांसद मुरैना
मेरी विधानसभा के लोगों के साथ दुर्व्यवहार किया जा रहा हैं। मुरैना के लोगों के लिए मुरैना में टॉल फ्री हैं। अंबाह के लोगों को रतिराम पुरा में टॉल देना पड़ता हैं। साथ ही टोलकर्मी अवैध वसूली के साथ नागरिकों के साथ अभद्रता करते हैं। जनता की इस लड़ाई में मैं उनके साथ हूं। लोकल लोगों को टॉल से राहत मिले इसके लिए मुख्यमंत्री को पत्र लिखूंगा। साथ ही विधानसभा में भी आवाज उठाऊंगा।
देवेंद्र रामनरायण सखवार, विधायक अंबाह

Subscribe to my channel
Comments are closed.