भारत में सबसे तेजी से उभरता हुआ वेब न्यूज़ चैनल

कबाड़ से कला, गोवा गज़ेबो और झरने की कल-कल—महाराणा प्रताप पार्क बनेगा शहर की शान

373
Above News

आशीष सिंह की रिपोर्टिंग

मुरैना/अंबाह;शहरवासियों के लिए खुशखबरी! सार्वजनिक वाचनालय के सामने स्थित महाराणा प्रताप पार्क अब सिर्फ हरियाली नहीं, बल्कि देशभक्ति, पर्यावरण संरक्षण और मनोरंजन का अनोखा संगम बनने जा रहा है। नगर पालिका द्वारा पार्क को आधुनिक और आकर्षक रूप देने का काम युद्धस्तर पर जारी है।

रविवार रात सीएमओ शारिब कौसर ने पार्क का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति देखी और काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि कभी गंदगी और कचरे से भरा यह क्षेत्र अब उत्सव स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है।

पार्क की खासियत यह है कि यहां कबाड़ से कलाकृतियां तैयार की जा रही हैं। पुराने स्कूटर, टायर और अनुपयोगी सामान से बनी रचनात्मक संरचनाएं नागरिकों को री-यूज  और रीसायकल का संदेश देंगी। टायरों से बने सोफा और बैठने की आकर्षक व्यवस्थाएं पार्क को अलग पहचान देंगी।

यहां गोवा स्टाइल गज़ेबो भी तैयार हो रहा है, जहां 15 लोग एक साथ बैठ सकेंगे और भविष्य में जन्मदिन, सालगिरह जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे। वहीं निर्माण सामग्री से बनाया जा रहा छोटा झरना पार्क के सौंदर्य में चार चांद लगाएगा।

पार्क की दीवारों पर महाराणा प्रताप के शौर्य और बलिदान को दर्शाती थीम पेंटिंग, पत्थर का फर्श, पेड़ों पर आकर्षक लाइटिंग, बच्चों के लिए खेल क्षेत्र, सेल्फी प्वाइंट और हरियाली—सब कुछ इसे शहर का नया आकर्षण केंद्र बनाएगा।

नगर पालिका ने नागरिकों से अपील की है कि वे पार्क की स्वच्छता और सुरक्षा में सहयोग करें, ताकि यह पार्क आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा और गर्व का प्रतीक बन सके।

खबरों के अपडेट पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More

Privacy & Cookies Policy
E-Paper