भारत में सबसे तेजी से उभरता हुआ वेब न्यूज़ चैनल

आत्मा एवं तिलहन मिशन अंतर्गत दो दिवसीय जिला स्तरीय कृषि मेला का आयोजन प्रारंभ
====

143
Above News

विक्रम लालवानी जिला रिपोर्टर


-जिले में किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों, योजनाओं एवं आधुनिक खेती की जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से “आत्मा एवं तिलहन मिशन” अंतर्गत दो दिवसीय जिला स्तरीय कृषि मेले का आयोजन का शुभारंभ आईटीआई परिसर शहडोल में विधायक जयसिंहनगर श्रीमती मनीषा सिंह, विधायक जैतपुर श्री जयसिंह मरावी एवं सीईओ जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति द्वारा किया गया।
कृषि मेला कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जयसिंहनगर विधायक श्रीमती मनीषा सिंह ने कहा कि हम सबका आधार कृषि है और इसे अपनी दिनचर्या का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे खेती को निरंतर आगे बढ़ाएं और आधुनिक तकनीकों को अपनाकर उत्पादन बढ़ाएं।
विधायक ने कहा कि जब किसान अच्छी खेती करेंगे, तो उनकी आय में स्वतः वृद्धि होगी। उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस वर्ष को “कृषि वर्ष” के रूप में घोषित किया है और प्रदेश के किसानों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया है।
उन्होंने कहा कि जब देश का किसान विकसित होगा, तभी देश का समग्र विकास संभव है और राष्ट्र प्रगति के पथ पर आगे बढ़ेगा। विधायक ने किसानों को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि किसान इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
जैतपुर विधायक श्री जयसिंह मरावी ने जिला स्तरीय कृषि मेले में उपस्थित किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार किसान भाइयों को आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह संकल्पित है। उन्होंने कहा कि किसानों की समृद्धि ही प्रदेश और देश की प्रगति का आधार है, इसलिए शासन द्वारा लगातार किसानों के हित में नई-नई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। विधायक ने अपने संबोधन में किसानों से आह्वान किया कि वे सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और आधुनिक एवं प्राकृतिक खेती की ओर अग्रसर हों। उन्होंने कहा कि उन्नत बीज, वैज्ञानिक पद्धतियों एवं नवीन तकनीकों को अपनाकर किसान अपनी उत्पादन क्षमता बढ़ा सकते हैं, जिससे उनकी आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी। उन्होंने आगे कहा कि आज का दौर कृषि में नवाचार और तकनीकी अपनाने का है। यदि किसान नई विधियों को अपनाते हैं, तो वे न केवल अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकते हैं, बल्कि क्षेत्र के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। विधायक ने किसानों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि मेहनत, जागरूकता और योजनाओं के सही उपयोग से किसान आत्मनिर्भर बन सकते हैं। मेले में किसानों ने भाग लेकर विभिन्न कृषि योजनाओं एवं नवाचारों की जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केन्द्र के समन्वयक एवं वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. मृगेन्द्र सिंह ने किसानों को तिलहन फसलों के उत्पादन बढ़ाने, उन्नत बीजों के उपयोग, संतुलित उर्वरक प्रबंधन एवं आधुनिक कृषि उपकरणों के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही किसानों को प्राकृतिक खेती, जल संरक्षण तथा फसल विविधीकरण के महत्व पर भी जागरूक किया गया।
मेले में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां किसानों को शासकीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ तकनीकी मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया। किसानों ने प्रदर्शित कृषि यंत्रों एवं नवीन तकनीकों में विशेष रुचि दिखाई।
इस अवसर पर उप संचालक कृषि श्री संग्राम सिंह ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में सहायक संचालक कृषि श्री अनुराग पटेल, कृषि वैज्ञानिक श्री बीके प्रजापति द्वारा जैविक एवं प्राकृतिक खेती में स्थानीय संसाधनों का उपयोग तथा मृदा एवं जन स्वास्थ्य को होने वाले लाभों के संबंध में अवगत कराया। कार्यक्रम में जिला पंचायत के कृषि समिति के सभापति श्री हीरालाल कोल, जिला एवं जनपद पंचायत के सदस्य, कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्यपालन विभाग के अधिकारी एवं मैदानी अमला सहित बड़ी संख्या में जिले भर से आए किसानों ने भाग लिया।

खबरों के अपडेट पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More

Privacy & Cookies Policy
E-Paper