घर से उठा ले गए लोडर, घाट से जब्ती दिखा दी! दिमनी पुलिस की कार्रवाई पर बवाल

दिमनी थाना क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ की गई पुलिस कार्रवाई अब सवालों के घेरे में आ गई है। ग्रामीणों और लोडर मालिक ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि जिस लोडर वाहन को अवैध रेत उत्खनन में जब्त बताया गया, उसे घाट से नहीं बल्कि गांव में घर के बाहर से उठाया गया था।
ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस प्रशासन देर रात गांव पहुंचा और घर के बाहर खड़े लोडर को अपने साथ ले गया। इसके बाद जारी प्रेस नोट में वाहन को रेत घाट से जब्त दिखाया गया। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर गांव में भारी नाराजगी है।
लोडर मालिक और ग्रामीणों ने दावा किया है कि उन्होंने इस कार्रवाई के वीडियो भी बनाए हैं। वायरल हो रहे वीडियो में कथित तौर पर पुलिसकर्मी गांव के अंदर से लोडर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कार्रवाई को अवैध रेत उत्खनन से जोड़कर पेश किया गया, जबकि वाहन उस समय घाट पर मौजूद ही नहीं था।
मामले को लेकर जब दिमनी थाना प्रभारी से संपर्क करने की कोशिश की गई तो उनका फोन रिसीव नहीं हुआ। वहीं पुलिस की ओर से फिलहाल मामले की जांच कराने की बात कही जा रही है।
घटना के बाद इलाके में चर्चा तेज है और लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर कार्रवाई की सच्चाई क्या है — घर से उठाया गया लोडर या घाट से की गई जब्ती?

Subscribe to my channel
Comments are closed.