शहडोल: नवागांव दोहरे हत्याकांड का खुलासा, आरोपी पति गिरफ्तार

निशांत राव
शहडोल। जिले के गोहपारू थाना क्षेत्र के ग्राम नवागांव में दो महिलाओं की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। मर्ग जांच में मामला हत्या का पाए जाने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
दिनांक 08.10.2026 को ग्राम नवागांव के एक मकान के अंदर कमरे में श्रीमती रुचि रजक उम्र 22 वर्ष एवं उनकी मां श्रीमती सावित्री रजक उम्र 40 वर्ष का शव मिला था। सूचना पर थाना गोहपारू पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान परिजनों के कथन, घटनास्थल निरीक्षण एवं शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलासा हुआ कि दोनों महिलाओं की मौत सिर में गंभीर चोट के कारण अत्यधिक रक्तस्राव से हुई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल ने शीघ्र आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर संदेही प्रवीण उर्फ दिनेश रजक पिता हीरालाल रजक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आरोपी प्रवीण उर्फ दिनेश रजक उम्र 28 वर्ष निवासी ग्राम नवाटोला, थाना गोहपारू, जिला शहडोल को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। प्रकरण में विवेचना जारी है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक जे.पी. शर्मा, थाना प्रभारी गोहपारू के मार्गदर्शन में प्र.आर. 154 दिनेश प्रसाद केवट, प्र.आर. 508 नरेन्द्र सिंह, प्र.आर. 364 विजय कुमार महरा, प्र.आर. 57 रुद्रप्रताप, आर. 360 मोनू शर्मा एवं आर. 216 राजकुमार रघुवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Subscribe to my channel
Comments are closed.